फगवाड़ा 6 नवंबर
शिरोमणी श्री विश्वकर्मा मंदिर बंगा रोड फगवाड़ा की ओर से 111वां दो दिवसीय वार्षिक महोत्सव बड़ी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान देश विदेश से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने नतमस्तक होकर भगवान विश्वकर्मा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर कांपलैक्स में अनेक प्रकार के प्रदर्शनी स्टाल लगाये गए थे। सभा के प्रधान बलवंत राय धीमान एवं गुरमुख सिंह नामधारी ने बताया कि महोत्वस के दौरान पधारे पंजाब के मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी ने श्री विश्वकर्मा चैरीटेबल ट्रस्ट के अधीन चलाये जा रहे चैरीटेबल अस्पताल को दो करोड़ रुपए की ग्रांट के अलावा एक आधुनिक सुविधा संपन्न एंबुलेंस देने का ऐलान किया। सभा की ओर से मुख्यमंत्री को सिरोपे डालकर सम्मानित किया गया। बलवंत राय धीमान के अनुसार कैबिनेट मंत्री गुरकीरत सिंह कोटली ने अस्पताल ट्रस्ट के लिए दस लाख रुपए की ग्रांट देने की घोषणा की जबकि केन्द्रीय मंत्री सोम प्रकाश कैंथ ने आई.सी.यू. फिटेड एंबुलैंस देने का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि मंदिर दरबार को और भी भव्य बनाया जाएगा। अस्पताल में शीघ्र ही पचास बैड का 24 घण्टे एमरजेंसी वार्ड खोला जा रहा है। जिसके बाद आपात स्थिति में मरीजों को जालंधर अथवा लुधियाना के महंगे अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा क्योंकि आपातकालीन स्थिति की सभी आवश्यक सुविधाएँ मंदिर में उपलब्ध होंगी। उन्होंने वार्षिक महोत्सव को सफल बनाने में राजनीतिक, समाजिक एवं धार्मिक गणमान्यों के अलावा स्थानीय प्रशासन व संगतों का भी आभार प्रकट किया।